Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मोदी और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस करेगी विरोध प्रदर्शन : प्रीतम सिंह

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पेट्रोल, डीजल की कीमतों में कमी करने के भाजपा सरकार के दावे को एक और जुमलेबाजी करार दिया है। प्रीतम कहा कि समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल के दामों में पांच रुपये प्रति लीटर की कटौती करने के बड़े-बडे दावे किये जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा है कि जब लोग पेट्रोल पम्पों पर घटी हुई कीमतों की मांग कर रहे हैं तो सच्चाई सामने आ रही है कि राज्य सरकार द्वारा ऐसी कोई कमी नहीं की गई है। इसके बावजूद भाजपा नेताओं और राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल के दामों में कमी का ढोल जोर-जोर से पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल के दामों में कटौती की गई है तो इसका लाभ आम जनता को मिलना चाहिए। यदि कटौती नहीं की गई है तो सरकार को वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदेश नेता ने देश में बेकाबू होती पेट्रोलियम पदार्थों (डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस) व खाद्य पदार्थो की लगातार बढ़ती कीमतों के लिए केन्द्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पिछले चार वर्षो में दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमत अपने न्यूनतम स्तर पर रही, किन्तु पूरे साढ़े चार वर्ष केन्द्र की मोदी सरकार ने देश की जनता को कभी पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों को कम कर राहत नहीं दी। उन्होंने कहा यूपीए सरकार के समय में 147 डॉलर प्रति बैरल कच्चे तेल के मुकाबले एनडीए सरकार के समय कच्चे तेल की कीमत 34 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंची, किन्तु बाजार में डीजल, पेट्रोल की कीमतें कभी कम नहीं हुई और केन्द्र सरकार ने चार वर्ष में लोगों की जेब पर डकैती डालकर तेल सेक्टर में 11 लाख करोड़ रुपये जनता की जेब से लूटा। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा तेल की कीमतों मे कटौती की घोषणा को ऊंट के मुंह में जीरा बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी मीडिया में तेल की कीमतों में कटौती का दावा किया जा रहा है परन्तु उसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा है। पार्टी नेता धीरेन्द्र प्रताप ने इस बीच पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने के केन्द्र के फैसले को छलावा बताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को देश की जनता सबक जरूर सिखाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *