Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

डीजीपी ने लिया चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा: रोके गये यात्रियों को केदारनाथ के लिए किया रवाना

देहरादून ।केदारनाथ धाम में रुक-रुककर हो रही बारिश और बर्फबारी को देखते हुए रोके गए यात्रियों को प्रशासन ने मंगलवार रवाना करना शुरू कर दिया। सुबह आठ बजे तक सोनप्रयाग से 5887 तीर्थयात्रियों को धाम के लिए रवाना किया गया। इस बीच डीजीपी अशोक कुमार ने गौरीकुंड में यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। बता दें कि सोमवार को करीब नौ हजार यात्रियों को जगह-जगह रोक दिया गया था। केदारनाथ धाम में मौसम के अधिक खराब होने पर तिलवाड़ा से फाटा तक करीब ढाई हजार, सीतापुर से सोनप्रयाग तक करीब छह हजार और गौरीकुंड में लगभग 500 यात्रियों को रोका गया था। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में सुबह से ही बारिश जारी है। लेकिन मौसम की बेरुखी पर तीर्थयात्रियों की आस्था भारी पड़ रही है। बारिश के बीच पांच किमी की चढ़ाई चढ़ कर यात्री यमुनोत्री धाम पहुंच रहे हैं। केदारनाथ यात्रा को लेकर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने फाटा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन मर्यादा के तहत नशा के कारोबार पर नकेल कसने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग से लगे थाना, चौकी के प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित चेकिंग करने को कहा। पुलिस महानिदेशक ने गौरीकुंड में यात्रियों से बातचीत करते हुए व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने पुलिस बल को बाबा केदार के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से सौम्य व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *