Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आगामी 24 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव कराने का आदेश जारी

हल्द्वानी । प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव 24 दिसंबर को होंगे। कुमाऊं विवि, अल्मोड़ा विवि अन्य विवि के कुलपतियों की कमेटी की बैठक में यह ऐलान किया गया है। बता दें छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित करने के लिए महाविद्यालयों के छात्र बीते कई दिनों से आंदोलन की राह पर थे। बुधवार को एमबीपीजी कॉलेज में छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज की छत पर चढ़ गए। जिससे हड़कम्प मच गया। सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सीओ सिटी बीएस धौनी सहित पुलिस अधिकारी व कॉलेज के शिक्षक मौके पर पहुंचे और छात्र को नीचे उतरने के लिए मनाने में लगे। इस दौरान कालेज में गहमा गहमी का माहौल बना रहा। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामे के बीच कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश चंद्र की ओर से आगामी 24 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव कराने का आदेश जारी कर दिया गया। बता दें छात्रों के तेज हो रहे विरोध को देखते हुए कुलपतियों की कमेटी की बैठक में 24 दिसम्बर को छात्र संघ चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत कुमाऊं विवि डीएसबी परिसर के अलावा सम्बद्ध कॉलेजों में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, पीजी कॉलेज रामनगर, इंदिरा प्रियदर्शिनी महिला महाविद्यालय हल्द्वानी, डॉ पूर्णानन्द तिवारी राजकीय महाविद्यालय दोषपानी, राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग, लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज हल्दूचौड़, राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट, राजकीय महाविद्यालय पटलोट, ओखलकांडा, राजकीय पीजी कॉलेज मालधनचौड़ रामनगर, राधेहरी राजकीय पीजी कॉलेज काशीपुर, पीजी कॉलेज खटीमा, राजकीय महाविद्यालय बाजपुर, राजकीय महाविद्यालय सितारगंज, राजकीय महाविद्यालय जसपुर, राजकीय महाविद्यालय किच्छा के साथ ही हल्द्वानी शहर गौलापार, रामगढ़, गदरपुर व नानकमत्ता आदि कालेजों में चुनाव होंगे। जबकि इस साल खुले तीन नए महाविद्यालय रामगढ़, गदरपुर, नानकमत्ता व हल्द्वानी गौलापार में कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, स्नातक फाइनल क्लास नहीं होने की वजह चुनाव नहीं होंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *