Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जैसलमेर बाॅर्डर पर लोंगेवाला पोस्ट में पीएम मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली

आप हैं तो देश है। देश के ये त्यौहार हैं, आशीष लेकर आया हूं : मोदी
जैसलमेर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली के मौके पर राजस्थान के जैसलमेर बाॅर्डर पर लोंगेवाला पोस्ट पहुंचे और जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित किया। पीएम मोदी के साथ बीएसएफ के महानिदेशक राकेश अस्थाना, सीडीएस जनरल बिपिन रावत, सेना प्रमुख एमएम नरवणे और एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया जवानों के बीच पहुंचे। बता दें 2014 में कार्यभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल जवानों के साथ दिवाली मनाते है। पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सरहद पर हो, आसमान पर हो या फिर समंदर में राष्ट्र रक्षा में जुटे हुए देश की बेटियां और बेटे, हर सुरक्षा बल, हर किसी को दीपावली के इस पावन पर्व पर नमन करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप हैं तो देश है। देश के ये त्यौहार हैं। पीएम ने कहा कि मैं आपके बीच प्रत्येक भारत वासी की शुभकामनाएं लेकर आया हूं। देश वासियों का प्यार लेकर आया हूं। हर वरिष्ठ जन का आशीष लेकर आया हूं। उन्होंने कहा कि जिनके अपने बेटे या बेटी त्यौहार के दिन सरहद पर तैनात हैं वो अभिनंदन के हकदार हैं। पीएम ने कहा कि मुझे याद है कि पीएम बनने के बाद पहली बार सियाचिन गया था दिवाली मनाने के लिए तो बहुत लोगों को आश्चर्य हुआ था। लेकिन आप भी मेरे भाव जानते हैं। दिवाली के दिन अपनों के बीच जाऊंगा। दीवाली पर अपनों के बीच आया हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप भले ही बर्फीली पहाड़ी पर रहें या फिर रेगिस्तान में। मेरी दीवाली आपके बीच आकर पूरी होती है आपके चेहरे की रौनक देखता हूं तो मेरी खुशी बढ़ जाती है। देश के उल्लास को आप तक पहुंचाने के लिए आपके बीच आया हूं, आपके लिए मैं मिठाई भी लेकर आया हूं। लेकिन ये देश का पीएम मिठाई देने नहीं आया है, ये सभी देशवासियों का प्रेम और अपनेपन का स्वाद लेकर आया है। इस मिठाई में आप देश की हर मां के हाथ की मिठास महसूस कर सकते हैं। बाप भाई के आशीर्वाद को महसूस कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर देश की किसी पोस्ट का नाम अगर किसी को याद है तो वो लोंगेवाला पोस्ट है। यहां गर्मियों में तापमान 50 डिग्री को छूता है और सर्दियों मे शून्य के नीचे चला जाता है। इस पोस्ट पर आपके साथियों ने शौर्य की ऐसी गाथा लिख दी है जो लोगों को याद है। जब भी सैन्य कुशलता के इतिहास के बारे में लिखा पढ़ा जाएगा तब बैटल आॅफ लोंगेवाला को याद किया जाएगा। ये वो समय था पाकिस्तान की सेना बांग्लादेश की जनता पर जुल्म कर रही था। इन हरकतों से पाकिस्तान का घृणित चेहरा उजागर हो रहा था। इन सबसे दुनिया का ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान ने हमारे देश की पश्चिमी सीमा पर मोर्चा खोल दिया। उनको लगता था कि ऐसा करके बांग्ला देश के पाप छिपा लेंगे, लेकिन पाकिस्तान को लेने के देने पड़ गए। इस पोस्ट पर पराक्रम की गूंज ने दुश्मन का हौसला पस्त कर दिया। मेजर कुलदीप सिंह चांदपुर की नेतृत्व में दुश्मन को धूल चटा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपके शौर्य को नमन करते हुए भारतवासी मजबूती से खड़े हैं। भारत आज सुरक्षित है क्योंकि भारत के पास सुरक्षा करने लिए आप जैसे बेटे बेटियां हैं। जब भी जरूरत पड़ी है, भारत ने दिखाया है कि उसके पास ताकत भी है और राजनैतिक इच्छा भी। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की चर्चा करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत आतंकियों को घर में घुस कर मारता है। आज दुनिया जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है। भारत का ये रुतबा ये कद आपके पराक्रम के कारण है। पीएम ने चीन का नाम लिए बिना कहा कि आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान है, विस्तारवाद एक तरह से मानसिक विकृति है, 18वीं शताब्दी की सोच है इसके खिलाफ भारत आवाज बन रहा है। आज भारत की रणनीति साफ है, आज का भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास करता है। लेकिन अगर हमें आजमाने की कोशिश की तो जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलेगा। सीमा पर रहकर आप जो त्याग करते हैं, तपस्या करते हैं, वो देश में एक विश्वास पैदा करता है। ये विश्वास होता है कि मिलकर बड़ी से बड़ी चुनौती का मुकाबला किया जा सकता है। जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, मैं आपसे तीन आग्रह करना चाहता हूं। पहला-कुछ न कुछ नया इनोवेट करने की आदत को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाइए। दूसरा-योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखिए। तीसरा-अपनी मातृभाषा, हिंदी और अंग्रेजी के अलावा, कम से कम एक भाषा जरूर सीखिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *