February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती प्रवीण को डंडों से पीटा गया था,नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार

युवक की मौत के बाद नशा मुक्ति केंद्र संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी।हल्द्वानी में कमलुवागांजा रोड स्थित आदर्श जीवन नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती पिथौरागढ़ निवासी प्रवीण कुमार टम्टा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है,नशामुक्ति केंद्र में हर रविवार मरीजों को अलग-अलग टास्क दिए जाते हैं। बीते रविवार को सफाई अभियान चलना था। पुलिस के मुताबिक प्रवीण ने सफाई करने से मना कर दिया था। जिसे लेकर केंद्र में भर्ती एक नाबालिग मरीज से उसका विवाद हो गया। इस बीच केंद्र में तैनात कर्मचारी पीयूष कौशिक, अभिषेक चंद्रा, अभय उर्फ बिट्टू और मरीज अर्जुन रावत व बाबी अंसारी भी पहुंच गए। जिसके बाद सभी ने प्रवीण संग हाथापाई शुरू कर दी। सूत्रों की मानें तो शारीरिक रूप से मजबूत प्रवीण को काबू करने के लिए उसे बांध कर डंडों से भी पीटा गया। ज्यादा चोट लगने की वजह से थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद आनन-फानन में उसे उपचार के लिए कुसुमखेड़ा स्थित सेंट्रल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आदर्श जीवन नशा मुक्ति केंद्र में पिथौरागढ़ के देवस्थल निवासी प्रवीण की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों द्वारा मुखानी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने छानबीन करते हुए नाबालिग सहित 6 को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र में पिथौरागढ़ के प्रवीण नाम के व्यक्ति को नशा मुक्ति के लिए भर्ती कराया गया था लेकिन यहां संदिग्ध परिस्थितियों में न सिर्फ युवक की मौत हो गई बल्कि नशा मुक्ति केंद्र संचालकों ने बिना पुलिस को सूचना दिए या जांच कराएं मृतक का शव पिथौरागढ़ भेज दिया जिसके बाद परिजनों ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था। एसपी सिटी ने जानकारी दी कि पुलिस ने जांच करते हुए एक नाबालिग सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव का कहना है की नशा मुक्ति केंद्र संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है जिसकी विवेचना जारी है जिसके आधार पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *