Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जमीन नहीं मिल रही सीएम साहब, उत्तराखंड लौटना चाहता हूं! सोशल मीडिया पर की गई ऋषभ पंत की पोस्ट चर्चाओं में छायी

ऋषभ पंत की गुहार पर धामी ने कहा-आप हमारे गौरव जल्द मिलेगी मदद
देहरादून/रुड़की। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और उत्तराखंड के गौरव )षभ पंत की देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट शनिवार को दिनभर चर्चा में रही। पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह दिल्ली से अपना ठिकाना बदलकर अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटना चाहते हैं, लेकिन उन्हें उपयुक्त जमीन नहीं मिल पा रही है।)षभ पंत ने मुख्यमंत्री से भूमि उपलब्ध कराने में मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि वह अपने मूल राज्य में वापस आकर अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, जमीन हासिल करने की कोशिश करते हुए उन्हें करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मामला आगे नहीं बढ़ पाया है।ऋषभ पंत ने रात करीब 12ः46 बजे एक्स पर पहली पोस्ट की। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित करते हुए उत्तराखंड लौटने की अपनी इच्छा जाहिर की।पंत ने कहा कि उत्तराखंड का स्थानीय होने के नाते वह लंबे समय से राज्य से दूर हैं। वह दिल्ली से अपना ठिकाना बदलकर उत्तराखंड वापस आने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन रहने के लिए उपयुक्त और बड़ी सुविधा वाली जमीन नहीं मिल पा रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री से भूमि संबंधी प्रक्रिया में मदद करने की अपील की। पंत ने यह भी कहा कि राज्य के प्रचार-प्रसार के दौरान उन्हें जो जमीन मिलने वाली थी, वह भी अभी तक अटकी हुई है।पंत ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह बाकी सभी बातों को एक तरफ रखकर अपने मूल निवास वापस लौटना चाहते हैं, ताकि उत्तराखंड के निर्माण में योगदान दे सकें और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रह सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को देखने का आग्रह करते हुए कहा कि जमीन हासिल करने की कोशिश में तीन साल बीत चुके हैं और उन्हें मुख्यमंत्री के जवाब का इंतजार रहेगा। इसके करीब दस मिनट बाद रात 12ः56 बजे ऋ़षभ पंत ने दूसरी पोस्ट की। इसमें उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए यदि उन्हें कोई उपहार दिया जाता है तो वह उनके लिए बहुत खास होगा, लेकिन यदि अनुमति मिले तो वह जमीन सरकारी दरों पर खरीदना चाहेंगे। पंत ने कहा कि इससे वह कम से कम अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकेंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी कि इसे कैसे आगे बढ़ाया जाए। ऋषभ पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जवाब दिया। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति ऋषभ पंत का प्रेम और उत्तराखंड लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की भावना सराहनीय है। उन्होंने पंत द्वारा उठाए गए मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही।सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।ऋषभ पंत का उत्तराखंड से गहरा और पुराना संबंध है। उनका परिवार हरिद्वार जिले में रुड़की के निकट ढंडेरा क्षेत्र में लंबे समय तक रहा है। पंत ने अपने शुरुआती जीवन का एक महत्वपूर्ण समय रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बिताया।यहीं से उनका क्रिकेट के प्रति लगाव मजबूत हुआ। क्रिकेट में बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के लिए बाद में वह दिल्ली चले गए। अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पंत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई।वर्ष 2022 में रुड़की में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद ऋषभ पंत ने जिस तरह मैदान पर वापसी की, उसे खेल जगत में उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और जज्बे की मिसाल माना जाता है। अब अपने गृह राज्य उत्तराखंड में स्थायी रूप से लौटने और यहां अपना घर बनाने की पंत की इच्छा ने एक बार फिर उनके उत्तराखंड से जुड़ाव को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *