August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अगवा बालक को पुलिस ने किया बरामद

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। गत दोपहर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्रांतर्गत मोहल्ला आजादनगर में घर के बाहर खेल रहे बालक को अगवा कर ले जाने की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस में हड़कम्प मच गया। आनन फानन में पुलिस ने थाना क्षेत्र में बालक की खोजबीन शुरू कर  दी और कुछ घंटों पश्चात बालक को दो संदिग्ध महिलाओं व युवक के पास सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने महिलाओं व युवक को हिरासत में लेकर उनसे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी। जानकारी के अनुसार मूलरूप से ग्राम गजरौला पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी राकेश मौर्या पत्नी भगवान देवी व बच्चों के साथ यहां मोहल्ला आजादनगर ट्रंाजिट कैंप में किरायेदार के रूप में रहता है और सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करताहै। बताया जाता है कि गत दिवस राकेश फैक्ट्री में कार्य के लिए गया था और पत्नी भगवानदेवी घर के काम में व्यस्त थी। दोपहर राकेश का 3 वर्षीय पुत्र शिवा घर के बाहर खेल रहा था। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा तो मां भगवानदेवी ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान  उसे पता लगा कि शिवा को किन्हीं औरतों के साथ ले जाते हुए देखा गया है। जानकारी मिलते ही भगवानदेवी ने पति राकेश को फोन पर जानकारी दी और घटना की सूचना तुरन्त थाना पुलिस को दे दी। बालक के अगवा किये जाने की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर बालक की खोजबीन शुरू कर दी। घटना के कुछ घंटे पश्चात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बालक को दो संदिग्ध महिलाओं व एक युवक के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने महिलाओं व युवक को हिरासत में लेकर उनसे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *