August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लापता दो मासूमों को पुलिस ने किया बरामद

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। गत दिवस संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रांजिट कैम्प के मोहल्ला विवेक नगर से लापता हुए दो मासूम बच्चों को सूचना मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र में खोजबीन करने पश्चात रोडवेज के समीप लावारिस अवस्था में घूमते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चों को गले लगाते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये और उन्होंनें पुलिस कर्मियों का आभार जताया।जानकारी के अनुसार मोहल्ला विवेक नगर निवासी मुकेश का चार वर्षीय पुत्र संचित व अमित का तीन वर्षीय पुत्र रोहित गत प्रातः संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ घर से लापता हो गये। दोनो के परिजनों ने उनकी सभी सम्भावित स्थानों पर खोजबीन की। न मिलने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी तथा अज्ञात लोगों पर बच्चो को अगवा करने का भी संदेह जताया। दो मासूम बच्चों के एक साथ लापता हो जाने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने आस पास के थाना क्षेत्रें में मामले की सूचना देकर बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी। करीब एक घंटे पश्चात पुलिस कर्मी जब बच्चों की खोजबीन करते रोडवेज परिसर पहुंचे तो वहां जानकारी मिली दो मासूम बच्चे लावारिस अवस्था में टहलते हुए दिखाई दिये। पुलिस कर्मियों ने परिसर में खोजबीन कर दोनों मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें अपने संरक्षण में लेकर थाने ले आये और दोनों बच्चों के परिजनों को इससे अवगत कराया। बच्चे बरामद होने की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल थाने आ पहुंचे और बच्चों को सकुशल सामने देख उन्हें सीने से लगा लिया और उनके आंखो में खुशी के आंसू छलक आये। बच्चों के परिजनों ने पुलिस कर्मियों का आभार जताया। बच्चों को बरामद करने वाले पुलिस कर्मियों में कां- राजेन्द्र कन्याल, मनोज कुमार व लक्ष्मी शाही शामिल थे। वहीं गत दिवस राजा कालोनी निवासी एक ही परिवार के भाई बहन भी लापता हो गये थे जो कुछ घंटो पश्चात सकुशल वापस लौट आये। राजा कालोनी निवासी भूपेन्द्र गंगवार की पत्नी पूजा ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी 8 वर्षीय पुत्री व 6 वर्षीय पुत्र कपिल सायं काल से लापता हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने लापता भाई बहन की खोजबीन शुरू कर दी। रात्रि करीब 11 बजे दोनों भाई बहन सकुशल घर वापस लौट आये। जिससे पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *