September 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री धामी के गृह क्षेत्र में एबीवीपी का परचम : खटीमा में धीरज सिंह कन्याल के सिर सजा अध्यक्ष का ताज

युवराज प्रताप सिंह को 325 मतों से हराया
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा बरकरार रखा। एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एबीवीपी प्रत्याशी धीरज सिंह कन्याल ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए एनएसयूआई प्रत्याशी युवराज प्रताप सिंह को 325 मतों से पराजित किया। धीरज को 1046 मत मिले जबकि युवराज प्रताप सिंह के पक्ष में 721 मत पड़े। छात्रसंघ चुनाव में दोनों छात्र संगठनों के बीच कई पदों पर सीधा मुकाबला देखने को मिला। परिणाम आने के बाद एबीवीपी और एनएसयूआई समर्थकों में उत्साह नजर आया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के सचित सिंह ने सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की।महाविद्यालय में मंगलवार को सुबह दस बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर दो बजे तक चला। कॉलेज में करीब 3900 मतदाता पंजीकृत थे जिनमें से 1803 छात्र- छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने के करीब एक घंटे बाद मतगणना शुरू कराई गई। सात चरणों में चली मतगणना के बाद चुनाव प्रभारी डॉ. विनोद कुमार ने परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज सिंह कन्याल को 1046 मत प्राप्त हुए। एनएसयूआई प्रत्याशी युवराज प्रताप सिंह को 721 मत मिले। धीरज ने 325 मतों के अंतर से अध्यक्ष पद अपने नाम किया। उपाध्यक्ष छात्र पद पर भी एबीवीपी के मोहित कुमार ने जीत हासिल की। मोहित को 830 मत मिले जबकि एनएसयूआई के मो. अशरफ को 794 मत प्राप्त हुए। दोनों के बीच 36 मतों का अंतर रहा।छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की शिखा राणा ने 836 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। एबीवीपी प्रत्याशी प्रियांका को 736 मत मिले। शिखा ने 100 मतों के अंतर से जीत हासिल की। सचिव पद पर एनएसयूआई के राजीव जोशी विजयी रहे। उन्हें 947 मत प्राप्त हुए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गौरव पारस कुमार को 691 मत मिले। राजीव ने 256 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।संयुक्त सचिव छात्रा पद पर एनएसयूआई की कशिश राणा को 808 मत मिले। एबीवीपी प्रत्याशी प्रीति को 736 मत प्राप्त हुए। कशिश ने 72 मतों से जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष छात्रा पद पर एबीवीपी की कृतिका पोखरिया ने 951 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। एनएसयूआई प्रत्याशी पुष्पा को 689 मत मिले। कृतिका ने 262 मतों के अंतर से जीत हासिल की। विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के सचित सिंह ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 1076 मत मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मनीषा को 575 मत प्राप्त हुए। सचित ने 501 मतों के अंतर से जीत हासिल की। चुनाव के प्रमुख मुकाबलों में यह सबसे बड़ा अंतर रहा।

जीत के बाद धीरज ने सीएम धामी से लिया आशीर्वाद
खटीमा। अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद धीरज सिंह कन्याल समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने पहुंचे। नगला तराई स्थित मुख्यमंत्री के निजी आवास पर धामी ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री की मां विशना देवी ने भी धीरज समेत विजयी पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष धीरज सिंह कन्याल के साथ कोषाध्यक्ष कृतिका पोखरिया छात्र उपाध्यक्ष मोहित कुमार और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सचित सिंह मौजूद रहे। भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी इस दौरान मौजूद रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथः चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया गया। चुनाव प्रभारी ने सचिव राजीव जोशी संयुक्त सचिव कशिश राणा और छात्रा उपाध्यक्ष शिखा राणा समेत अन्य निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही महाविद्यालय में छात्रसंघ की नई कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *