August 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग

देहरादून । उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना 2026 जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं और जल्द ही इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे। युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समर्पित योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए घर बैठे निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग तथा राज्य लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षाओं के साथ ही रक्षा सेवाओं की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे, कर्मचारी चयन आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर नेट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के माध्यम से राज्य के युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सकेगा। विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाने वाले विद्यार्थियों को भी इस योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी द्वारा योजना के विधिवत शुभारंभ के लिए जल्द तिथि निर्धारित की जाएगी। शुभारंभ के साथ ही योजना के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *