Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

संदिग्ध हालातों में फंदे पर लटका मिला युवक

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। शनिवार की सायं ट्रांजिट कैम्प की कृष्णा कालोनी में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फांसी पर लटका पाया गया। परिजन उसे फांसी से उतारकर उपचार के लिए चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार कृष्णा कालोनी निवासी रामपाल कश्यप आटो चलाकर व मजदूरी कर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उसके तीन पुत्र अनुराग,अंकित व अरविन्द भी मजदूरी करते हैं। अनुराग व अंकित का विवाह हो चुका है। बताया जाता है कि 22 वर्षीय अंकित सिडकुल में मजदूरी करता था और नशा भी करता था। करीब 6 वर्ष पूर्व उसका ग्राम महतोष में विवाह हुआ था। उसका 3 वर्ष का पुत्र 1 वर्ष की पुत्री है। परिजनों ने बताया कि पारिवारिक झगड़ों के कारण अंकित अक्सर ही अपने दोस्तों से फांसी लगाकर जान दे देने की बात करता रहता था। उन्होंने बताया अंकित पिछले दो दिनों से मजदूरी करने नहीं गया था। शनिवार की सायं वह कमरे में गया अ।ैर दरवाजा अन्दर से बंद कर दिया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो उसे आवाज देकर कमरे का दरवाजा खटखटाया परंतु अन्दर से कोई जवाब नहीं आया। जिस पर किसी तरह दरवाजा खोलकर भीतर देखा तो अंकित फांसी पर लटका हुआ था। उसे फांसी उतार कर चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से आवश्यक जानकारी ली। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेकाबू कार ने साईकिल सवार फल विक्रेता को रौंदा

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। आज प्रातः बिलासपुर मार्ग पर घर से साईकिल पर सवार होकर प्रीत विहार में फल का ठेला लगाकर कारोबार करने आ रहे एक व्यक्ति को बिलासपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार के अज्ञात चालक ने टक्कर मारकर रौंद दिया। जिससे फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक की मदद से उसे उपचार के लिए तत्काल निकटवर्ती र्निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां से उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्राम चन्दन फार्म बिलासपुर निवासी 40 वर्षीय तोफीक अहमद प्रीत विहार कालोनी में फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार प्रातः वह रोज की तरह ठेला लगाने के लिए घर से साईकिल पर सवार होकर प्रीत विहार की ओर रवाना हुआ। बताया जाता है कि जब वह रिंग रोड़ के पास फ्लाई ओवर के करीब पहुंचा तो इसी दौरान पीछे की ओर से तेज गति से आती कार संख्या डीएल 8सीबीएल 9745 के अज्ञात चालक से उसे जोर से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तोफीक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार भी आगे की तरफ क्षतिग्रस्त हो गई। तोफीक को कार चालक की मदद से उपचार के लिए समीप स्थित निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां से परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक तोफीक के पत्नी सहित चार पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर कार चालक को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *