Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऊधमसिंहनगर पुलिस को मिलीं 50 हाईटेक साइकिलें

ग्रीन और फिट पुलिस पहल को मिली नई गति, पुलिस लाइन और कार्यालय में होगा उपयोग
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ऊधमसिंहनगर पुलिस की ग्रीन और फिट पुलिस पहल को नई गति देते हुए काया बाइक्स के सौजन्य से जनपद पुलिस को 50 हाईटेक साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की पहल पर इन साइकिलों का उपयोग पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय परिसर में दैनिक शासकीय कार्यों के संचालन के लिए किया जाएगा। एसएसपी अजय गणपति की दूरदर्शी सोच के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और पुलिस कर्मियों की फिटनेस को बढ़ावा देना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइकिलों के उपयोग से वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा। साइकिलों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव के लिए पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन परिसर में विशेष साइकिल स्टैंड भी स्थापित किए गए हैं। इससे महिला और पुरुष दोनों पुलिस कर्मियों को साइकिलों के उपयोग में सुविधा मिलेगी तथा उनका बेहतर रखरखाव भी सुनिश्चित हो सकेगा। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों को फिट, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी। नियमित साइकिल उपयोग से पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत अभियानों को धरातल पर उतारने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है। काया बाइक्स द्वारा उपलब्ध कराई गई आधुनिक साइकिलें पुलिस विभाग में सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने में भी सहायक साबित होंगी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम नेगी तथा काया बाइक्स के फाउंडर अजय एवं पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर डी आर वर्मा तथा निरीक्षक अभिसूचना अनुराग रतूड़ी , पेशकार निरीक्षक बसंती आर्य, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन गजेंद्र सिंह परवाल तथा अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *