21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज : छह दिन तक होंगे रोमांचक मुकाबले
देश के 28 राज्यों के 650 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
रुद्रपुर । मनोज सरकार स्टेडियम स्थित शिवालिक हॉल में शनिवार को 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह खेल भावना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह से सराबोर रहा। यह चैंपियनशिप 23 मई से 28 मई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देश के 28 राज्यों से आए 650 से अधिक फेंसर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में फॉइल, सेबर और एपी वर्गों में पूल तथा डायरेक्ट एलिमिनेशन मुकाबले खेले जाएंगे। छह दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कटड्ढाल मौजूद रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव देवेंद्र सिंह बिष्ट तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के विद्यार्थियों ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक गरिमा और उत्साह का विशेष माहौल बना दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में मनोज कटड्ढाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष से लड़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रोशन करने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा खिलाड़ी वही होता है जो हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ करता है। खेल टीम भावना, संघर्ष और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। विशिष्ट अतिथियों ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करती हैं और इससे राज्य में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से रुद्रपुर शहर एक बार फिर खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। आने वाले छह दिनों तक पूरा शहर खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और उत्साह के रंग में रंगा रहेगा।
