होटल में युवक-युवती को पकड़ा, बहन की आईडी से होटल में कमरा लेकर युवती को लाया था मुस्लिम युवक
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। बहन की आईडी का इस्तेमाल कर दूसरे समुदाय का एक युवक रुद्रपुर निवासी युवती को आवास विकास स्थित होटल में ले गया। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता देर रात होटल पहुंच गए। संबंधित कमरे में युवक को युवती के साथ देखकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। युवक की पिटाई करने के बाद कार्यकर्ता युवक और युवती को आवास विकास चौकी ले गए और दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में युवती के स्वजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गदरपुर के गदरपुरा निवासी मोहम्मद साकिब का रुद्रपुर निवासी एक युवती से पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। गुरुवार शाम साकिब युवती को लेकर आवास विकास स्थित होटल क्राउन टाउन पहुंचा। बताया जा रहा है कि होटल में कमरा लेने के दौरान उसने अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया। दोनों के होटल में पहुंचने के कुछ समय बाद इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को हो गई। देर रात कार्यकर्ता होटल पहुंचे और संबंधित कमरे में युवक को युवती के साथ देख लिया। इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। कुछ कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट भी की। होटल में हंगामे की सूचना के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद कार्यकर्ता युवक और युवती को लेकर आवास विकास चौकी पहुंचे और दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि वह और युवती करीब एक वर्ष से एक दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी युवती के परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद युवती के परिजन भी आवास विकास चौकी पहुंचे और मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी। स्वजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद साकिब के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब तहरीर में लगाए गए आरोपों, युवक और युवती के बीच संबंधों तथा होटल में हुई पूरी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, होटल में युवक और युवती के पकड़े जाने के बाद वहां हंगामा और युवक के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों को लेकर भी पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
