युवती से दुष्कर्म के आरोप में नगर निगम कर्मी गिरफ्तार
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने नगर निगम कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में युवती ने आरोपी के एक साथी पर भी मारपीट और गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में गांधी कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले अंकित कुमार के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। युवती का आरोप है कि अंकित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने की बात को टालता रहा। युवती के अनुसार, सात सितंबर की रात अंकित कुमार जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी मां तथा बहन को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसे दूसरे कमरे में ले जाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट और गाली गलौज की गई। युवती ने बताया कि अंकित ने अपने दोस्त अतुल को आवाज लगाई, जो पहले से घर के दरवाजे के पास खड़ा था। आरोप है कि अतुल ने भी उसके साथ मारपीट की और गमछे से उसका गला दबाने का प्रयास किया। तहरीर के मुताबिक, युवती के चीखने चिल्लाने पर उसकी मां और बहन ने कमरे से बाहर निकलने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद अंकित और अतुल घर की छत के रास्ते फरार हो गए। आरोप है कि दोनों जाते समय उसे पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दे गए। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मामले में आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
