September 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बदरीनाथ में तप्त कुंड में 108 डुबकी के दौरान दो महिला तीर्थ यात्रियों की मौत

चमोली (उद संवाददाता)। बदरीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान से आईं दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। दोनों महिलाएं 108 डुबकी लगाने की धार्मिक परंपरा के तहत लगातार स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बदरीनाथ थानाध्यक्ष महादेव उनियाल के अनुसार राजस्थान से तीर्थ यात्रियों का दल चार सितंबर को बदरीनाथ धाम पहुंचा था। शुक्रवार सुबह करीब चार महिलाएं और एक पुरुष तप्त कुंड में स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद पुरुष मंदिर की ओर चला गया, जबकि चारों महिलाएं तप्त कुंड में डुबकी लगाने लगीं। बताया गया कि इसी दौरान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर अचानक बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। घटना के बाद आस पास मौजूद लोगों ने दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला और पुलिस तथा मंदिर प्रशासन को सूचना दी। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे की है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए धाम में अफरा तफरी की स्थिति बन गई। थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि मृतक महिलाओं के परिजनों ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं कराने का अनुरोध किया है। परिजन दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाना चाहते हैं। प्रशासन स्तर पर आवश्यक अनुमति और कागजी कार्रवाई की जा रही है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। दोनों महिलाएं राजस्थान की रहने वाली थीं और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए आई थीं। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। तप्त कुंड में स्नान के दौरान हुई इस घटना से धाम में मौजूद यात्रियों में भी खलबली मच गई। बुजुर्ग और अस्वस्थ तीर्थ यात्रियों से तप्त कुंड में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *