अफ़ेयर के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या
पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर खुद दी वारदात की सूचना, उसके बाद हुआ फरार
देहरादून (उद संवाददाता)। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला के पति धीरज पंवार पर हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि धीरज को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी और फिर मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की बात कही। सूचना मिलने के तुरंत बाद क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने धीरज से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल से संबंधित जानकारी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में महिला की गोली लगने से मौत होना सामने आया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और धीरज के बीच पिछले करीब तीन महीने से तलाक को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों अलग अलग रह रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि धीरज को काजल के अन्य लोगों से संबंध होने का शक था। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। काजल क्लेमेनटाउन क्षेत्र के मित्तल लेन स्थित एक घर में केयरटेकर के रूप में काम करती थी। वहीं उसका पति धीरज देहरादून में ही दूसरी जगह रह रहा था। दोनों के बीच चल रहे विवाद और अलग रहने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस घटना के पीछे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, काजल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में उसके भाई अभिषेक का घर भी उसके निवास के पास ही बताया गया है। आरोपी धीरज भी मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
