Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वोल्वो बस में लगी आग, 32 यात्रियों की बची जान

देर रात हुआ हादसा, दो विदेशी महिला भी थीं सवार
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब ऋषिकेश से जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही वोल्वो बस मंगलवार रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूताना गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची थी। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई और चीख पुकार शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया।घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू धू कर जलने लगी। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस के पिछले हिस्से में रखा यात्रियों का अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग बुझाने और बस को सड़क किनारे हटाने तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में यातायात को सुचारु कराया गया।थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि बस में कुल 32 यायाा सवार थे, जिनमें ब्राजील की दो महिला पर्यटक भी शामिल थीं। सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। हादसे में विदेशी महिला यात्रियों का सामान भी जल गया, हालांकि उनके आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें थाने लाया गया और आगे की यात्रा के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।घटना के बाद दोनों विदेशी महिलाओं ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और बचाव दल समय पर मौके पर पहुंचे, जिससे सभी यात्रियों की जान बच सकी। पुलिस की तत्परता और सहयोग की उन्होंने खुले दिल से प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *