शहरों का विकास ही राष्ट्र की प्रगति का आधारः ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित
ऋषिकेश में आयोजित अिखल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक का सीएम ने किया शुभारंभ
ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के शहरों का सुनियोजित और आधुनिक विकास ही राष्ट्र की प्रगति का वास्तविक आधार है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के दौर में नगर निकायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है और महापौरों को अपने शहरों को स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभिनव प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड सरकार शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ‘स्मार्ट सिटी’ और ‘स्वच्छ भारत’ जैसे अभियानों ने नगरीय क्षेत्रें की तस्वीर बदली है। मुख्यमंत्री ने महापौरों का आ“वान करते हुए कहा कि वे अपने-अपने शहरों में स्थानीय समस्याओं के समाधान के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता दें। उन्होंने बल दिया कि महापौरों को तकनीकी के उपयोग से प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक पारदर्शी एवं त्वरित बनाने पर जोर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बैठक विभिन्न राज्यों के महापौरों के अनुभवों को साझा करने का एक बेहतरीन मंच है, जिससे सीखने और एक-दूसरे के मॉडल को अपनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने ऋषिकेश की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नगर न केवल आध्यात्मिक केंद्र है बल्कि वैश्विक पटल पर भी अपनी एक विशेष पहचान रखता है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस कार्यकारी बैठक में जो भी मंथन होगा, वह शहरों के प्रबंधन और जनसुविधाओं में सुधार लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस आयोजन में देशभर से आए महापौरों एवं नगर निकाय प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया और अपने अनुभवों के आधार पर नगरीय निकायों को सुदृढ़ करने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों और उनके समाधान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेम चन्द्र अग्रवाल, राम सिंह कैड़ा सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।



