लापता महिला का शव मिलने से सनसनी,मंगलवार शाम से लापता थी महिला
लालकुआं (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है। जानकारी के अनुसार सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुनीता के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता ली। इस दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां भी एकत्र की गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
