August 19, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कुलागाड़ के पास वैली ब्रिज टूटा, दारमा-व्यास-चौदास घाटियों का संपर्क बाधित

धारचूला। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड़ के पास पहाड़ी से अचानक गिरे भारी मलबे और बोल्डरों की चपेट में आने से वैली ब्रिज टूट गया। पुल टूटने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे दारमा, व्यास और चौदास घाटियों समेत आसपास के गांवों का धारचूला तहसील मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया है।बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा और भारी बोल्डर नीचे आ गिरे। इनके दबाव में वैली ब्रिज बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने की सूचना है।मार्ग बंद होने का सबसे अधिक असर सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों पर पड़ा है। दारमा, व्यास और चौदास घाटी के लोगों को तहसील मुख्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और जरूरी सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका है।इसी मार्ग से पूजा-पाठ के लिए गुंजी और कुटी जा रहे श्रद्धालु भी रास्ते में फंस गए हैं। सड़क संपर्क बाधित होने के कारण उनकी यात्रा प्रभावित हुई है और वे मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।वैली ब्रिज टूटने से सीमांत क्षेत्र में तैनात सेना और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर भी असर पड़ने की चिंता है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित होने के चलते प्रशासन के सामने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की चुनौती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त वैली ब्रिज की जल्द मरम्मत कराने तथा मार्ग पर यातायात बहाल करने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाओं ने सीमांत क्षेत्र के लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *