विक्रांत हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर । किच्छा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी और आपसी रंजिश हत्या का कारण सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार 25 जून को थाना किच्छा क्षेत्र के महराया लालपुर रोड पर छह से सात लोगों ने विक्रान्त नामक युवक पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मृतक की माता कंचन पत्नी विकास निवासी हरि मंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रान्त की मृत्यु के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी बढ़ा दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्रतारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही तकनीकी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 26 जून को धाधा फार्म क्षेत्र से वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्रतार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में थे। पूछताछ में गिरफ्रतार आरोपियों ने बताया कि मृतक विक्रान्त और उनके बीच काफी समय से सोशल मीडिया पर एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी चल रही थी। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई थी। मौका मिलने पर इसी रंजिश के कारण विक्रान्त पर फायरिंग की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर वर्तमान में घायल अवस्था में उपचाराधीन है। उसकी चोटों की भी जांच की जा रही है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अन्य साक्ष्य जुटाने और गिरफ्रतार आरोपियों से पूछताछ की कार्रवाई भी आगे बढ़ा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में वरुण कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी रामेश्वरपुर थाना किच्छा, उम्र 21 वर्ष तथा सुशील पुत्र उत्तम सिंह निवासी शिमला पिस्तौर थाना रुद्रपुर, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी अपराध में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्रतारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक विजय सिंह, उपनिरीक्षक दीपक जोशी, अपर उपनिरीक्षक जगदीश महेरा, अपर उपनिरीक्षक संतोष, कांस्टेबल प्रशांत नेगी तथा कांस्टेबल दीपक बोरा शामिल रहे।
