Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला दबोचा

कर्णप्रयाग विवाद से नाराज होकर किया था धमकी भरा पोस्ट,अंबाला से पकड़ा
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर 26 वर्षीय आरोपी जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से धमकी भरा पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 23 जून को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी से संबंधित पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट से आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया था। मामले में कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 353 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, साइबर विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया। तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चमोली जिले के करणप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो देखने के बाद उसने लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *