August 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क पर हाथियों का तांडव: टेंपो ट्रैवलर से अपने विद्यालयों की ओर जा रहे थे शिक्षक

वाहनों पर हमला, डेढ़ घंटे तक सड़क पर डटा रहा झुंड
कोटद्वार (उद संवाददाता)। कोटद्वार में सोमवार सुबह हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर लाल पुल के पास स्कूल जा रहे शिक्षकों से भरे टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वाहन में सवार शिक्षकों में अफरा तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए शिक्षक किसी तरह वाहन से बाहर निकले और सुरक्षित स्थान की ओर भागे। घटना में किसी शिक्षक के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हाथियों के हमले में टेंपो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह शिक्षक टेंपो ट्रैवलर से अपने विद्यालयों की ओर जा रहे थे। लाल पुल के पास अचानक जंगल की ओर से हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया। इसी दौरान हाथियों ने शिक्षकों से भरे वाहन को चारों ओर से घेर लिया। शिक्षक कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाथियों ने वाहन पर हमला शुरू कर दिया। अचानक हाथियों को वाहन के आसपास देखकर शिक्षकों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख सभी शिक्षक वाहन से बाहर निकले और अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। इसके बाद हाथियों का झुंड काफी देर तक टेंपो ट्रैवलर के आसपास ही मंडराता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथियों ने वाहन को धक्का मारा और सूंड से उस पर हमला किया। हाथियों के लगातार हमले से वाहन को नुकसान पहुंचा। वाहन के भीतर रखा शिक्षकों का सामान भी हाथियों ने इधर उधर फेंक दिया। हाथियों के उत्पात के कारण मौके पर काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि इस दौरान किसी शिक्षक को चोट नहीं आई। बताया गया कि हाथियों का झुंड करीब डेढ़ घंटे तक लाल पुल के आसपास मौजूद रहा। इस दौरान हाथी कभी सड़क पर तो कभी वाहन के आसपास घूमते रहे। हाथियों के सड़क पर डटे रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों में भी दहशत फैल गई। कई वाहन चालक हाथियों को देखकर दूर ही रुक गए और झुंड के हटने का इंतजार करते रहे। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त टेंपो ट्रैवलर को देखकर शिक्षकों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत बनी रही। हालांकि घटना में किसी के घायल नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। घटना ने वन्यजीव और मानव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के बीच सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *