Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केशव नेगी के परिजनों से की मुलाकात

कहा : पूरा उत्तराखंड केशव नेगी और उनके परिवार के साथ खड़ा
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली अग्निकांड मामले में गिरफ्तार रिखोली गांव निवासी केशव नेगी के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।गणेश गोदियाल ने दिल्ली में हुए दुखद अग्निकांड में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि एक शेफ के रूप में कार्यरत केशव नेगी को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराकर गिरफ्तार किया जाना कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की चूक हुई है तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी साधारण कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना न्यायसंगत नहीं है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के लोगों के हितों की रक्षा का दावा करने वाले भाजपा नेता इस मामले में केवल बयानबाजी तक सीमित नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में संवेदनशील है तो उसे इस प्रकरण में गंभीरता से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरा उत्तराखंड केशव नेगी और उनके परिवार के साथ खड़ा है तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *