Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

35 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा

रूद्रपुर/सितारगंज (उद संवाददाता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 119 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। नशे के खिलाफ इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक (रुद्रपुर) उत्तम सिंह नेगी के निर्देशानुसार, क्षेत्रधिकारी ऑपरेशन विभव सैनी के पर्यवेक्षण में रणनीति तैयार की गई। एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी और सितारगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान अमरिया चौराहे से 100 मीटर आगे रुद्रपुर-सितारगंज हाईवे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर जब उसकी जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से 119 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान शादाब हुसैन पुत्र साबिर हुसैन, निवासी बाईपास कॉलोनी, वार्ड नंबर 11, कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 233/26, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त शादाब ने बताया कि वह यह स्मैक अपने दोस्त नदीम, निवासी बहेड़ी (बरेली) से लेकर आ रहा था। पुलिस अब नदीम के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटा रही है ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त शादाब एक शातिर किस्म का नशा तस्कर है, जो पूर्व में भी कोतवाली सितारगंज और थाना अमरिया (पीलीभीत) से एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, सितारगंज कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा, शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, एएनटीएफ के हेड कांस्टेबल भुवन चंद्र पांडे, कांस्टेबल विनोद खत्री और सितारगंज कोतवाली के कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *