दो घरों में लगी भीषण आग,लाखों की क्षति
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। खानपुर पूर्व क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी में मंगलवार को हुए भीषण अग्निकांड में दो कच्चे मकान जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों घर इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान एक गैस सिलेंडर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। सिलेंडर के टुकड़े दूर तक जा गिरे, जिनकी चपेट में आने से एक ग्रामीण घायल हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शिवपुरी निवासी श्रुति शिकारी पत्नी मृत्युन शिकारी तथा दर्शन दास पुत्र सुनील दास की झोपड़ियां एक दूसरे के समीप स्थित थीं। मंगलवार सुबह दोनों परिवारों के सदस्य अपने काम पर निकल गए थे। इसी दौरान अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। कच्चा मकान होने और घर में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई तथा कुछ ही देर में दूसरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। इसी बीच एक घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। इस दौरान पास में मौजूद एक व्यक्ति इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। अग्निकांड में घरों में रखी नगदी, सोने चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। बताया गया कि श्रुति शिकारी के घर में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नगदी, सोने चांदी के जेवरात तथा दैनिक उपयोग का समस्त सामान आग में स्वाहा हो गया। वहीं दर्शन दास के घर में रखी करीब 20 हजार रुपये की नगदी, लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के आभूषण और अन्य घरेलू सामग्री भी जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी संजय ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने तत्काल राहत के रूप में आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराया तथा प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। अग्निकांड के बाद दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
