Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ई रिक्शा शोरूम में भड़की आग,कई वाहन जलकर राख

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
हरिद्वार (उद संवाददाता)। उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में मुिखया गली स्थित श्रीराम मंदिर के सामने सोमवार देर रात एक ई रिक्शा शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। बंद दुकान में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और वहां खड़े कई ई रिक्शा इसकी चपेट में आकर जल गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह शोरूम संचालक दुकान बंद कर घर चला गया था। दुकान में ई रिक्शा बिक्री के साथ चार्जिंग स्टेशन का संचालन भी किया जाता था। देर रात अचानक दुकान के भीतर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और दुकान स्वामी को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो दुकान के भीतर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आग तेजी से फैल चुकी थी और कुछ ही देर में शोरूम के अंदर खड़े कई ई रिक्शा उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाम साबित हुए। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान खड़खड़ी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। आग की भयावहता को देखते हुए दुकान के बाहर खड़े वाहनों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब शटर खोलकर अंदर का निरीक्षण किया गया तो अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से कई ई रिक्शा पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि अन्य उपकरण और सामग्री भी जल गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर यह शोरूम स्थित है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। इसके अलावा हरकी पैड़ी के निकट होने के कारण आसपास कई आश्रम, धर्मशालाएं और आवासीय भवन भी मौजूद हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री ठहरते हैं। यदि आग आसपास की इमारतों तक फैल जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *