स्कूल जा रहे प्रधानाचार्य की चाकू घोंप कर हत्या
बागेश्वर (उद संवाददाता)। शनिवार प्रातः राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य 56 वर्षीय दयानंद टम्टा की एक युवक द्वारा चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और आरोपी को पकड़ने के लिए मुहिम शुरू कर दी। बताया जाता है कि मृतक दयानंद टम्टा पुत्र गिरीश प्रसाद टम्टा तहसील रोड के रहने वाले थे और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में हाल ही में स्थानांतरित होकर आए थे। ग्रामीणों बताया कि शनिवार को प्रातः दयानंद टम्टा घर से कॉलेज के लिए पैदल जा रहे थे मार्ग में उन्हीं के विद्यालय के अल्मोड़ा लंमगड़ा निवासी युवक ने अचानक पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रधानाचार्य दयानंद लहूलुहान अवस्था में गंभीर रूप से घायल होकर वही गिर गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दयानंद को उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ लिया जायेगा। घटना से विद्यालय सहित क्षेत्र के सभी शिक्षकों में शोक की लहर व्याप्त हो गई।
