Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस नेताओं का नाच गाने का वीडियो हुआ वायरल, उठ रहे सवालिया निशान

कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक हादसे में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई थी
देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले कार्यक्रम स्थल पर फिल्मी गीत बजने और उन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनचर्चा तेज हो गई है। विवाद इसलिए भी गहरा गया क्योंकि इसी कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक हादसे में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। शुक्रवार शाम आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों को संबोधित किया। हालांकि उनके मंच पर आने से पहले कार्यक्रम स्थल पर फिल्मी गीत बजाए गए। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता गीतों की धुन पर हाथ उठा उठा कर झूमते नजर आए। यही वीडियो अब चर्चा का केंद्र बन गए हैं। भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जब कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक कार्यकर्ता की दुखद मृत्यु हो चुकी थी, तब आयोजन को सादगी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए था। इसके बजाय फिल्मी गीतों और नृत्य का आयोजन करना शोक की घड़ी में असंवेदनशील व्यवहार को दर्शाता है। कार्यक्रम में बजाए गए फिल्मी गीतों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुनाई देने वाले कथित नारों पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि युवा सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना होना चाहिए। ऐसे आयोजनों में मनोरंजन और विवादित नारों को स्थान देना गलत संदेश देता है।राहुल गांधी का संबोधन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कार्यक्रम में छात्रों की काफी मौजूदगी रही। हालांकि कार्यक्रम के वीडियो अब प्रदेश की राजनीति में नया मुद्दा बन गए हैं। समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *