टीवी देख रहे बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला,बेटी ने दिखाई बहादुरी
पिता की जान बचाकर तेंदुए को घर में किया कैद
चंपावत (उद संवाददाता)। चंपावत जिले के सिमल्टा गांव में शुक्रवार देर रात एक तेंदुए ने घर में घुसकर टीवी देख रहे बुजुर्ग पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन मायके आई उनकी बेटी की सूझबूझ और बहादुरी से न केवल उनके पिता की जान बच गई, बल्कि तेंदुए को भी घर के भीतर ही बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सिमल्टा निवासी 64 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे शुक्रवार रात भोजन करने के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने घर के भीतर घुसकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच कुछ दिनों के लिए मायके आई उनकी बेटी किरण पांडे ने साहस का परिचय देते हुए पिता को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। उसने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को घर के अंदर ही बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि घायल सुरेश चंद्र पांडे को तत्काल चंपावत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वन विभाग पूरे मामले की जांच के साथ क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा रहा है।
