Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी

दिनेशपुर। थाना क्षेत्र के नेताजी नगर गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40) पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है। उनका शव नेताजी नगर गांव में एक प्लॉटिंग के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक भी बरामद हुई, जिससे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।घटना की सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने परिजनों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और पूरे मामले की गहनता से पड़ताल में जुटी हुई है।

संदिग्ध हालातों में फंदे से लटका मिला श्रमिक

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। रम्पुरा चौकी क्षेत्रन्तर्गत प्रीत विहार कालोनी में शिव मंदिर के पास किरायेदार के रूप में रहने वाले मजदूर का शव घर के बरामदे में सीढ़ियों की रेलिंग पर फांसी से झूलता पाया गया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को फांसी से उतार कर जिला अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। साथ ही पश्चिम बंगाल निवासी मृतक के परिजनों को घटना की सूचना प्रेषित की। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम पूर्वी मेघनीपुर, कोलकाता, पश्चिम बंगाल निवासी लगभग 42 वर्षीय देवाशीष सामंत पुत्र अपूर्व सामंत यहां प्रीतविहार में किरायेदार के रूप में रहकर मजदूरी करता था। बताया जाता है कि पुलिस को यह सूचना मिली कि प्रीत विहार में शिव मंदिर के पास घर के बरामदे में सीढ़ियों की रेलिंग पर एक व्यक्ति का शव झूल रहा है। सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से मजदूर के सम्बंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने मजदूर के कमरे का भी निरीक्षण किया। जिसके बाद उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां चिकित्सक उसे मृत घोषित किया। पुलिस का कहना है कि बंगाल से परिजनों के आने के बाद ही मजदूर के फांसी लगाने के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस रखवा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *