प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हत्याकांड का आरोपी नवल किशोर सोराड़ी गिरफ्तार
फरवरी माह से रुका हुआ वेतन विवाद बना हत्या की वजह, शिक्षा विभाग ने भेजी निलंबन की संस्तुति
बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में भटखोला राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे विभागीय रंजिश और लंबे समय से चला आ रहा वेतन विवाद प्रमुख कारण था। पुलिस ने आरोपी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शिक्षा विभाग ने उसके निलंबन की संस्तुति शासन को भेज दी है।जांच के अनुसार, आरोपी का फरवरी माह से वेतन अनुशासनहीनता के चलते रोका गया था। खंड शिक्षा अधिकारी आशाराम ने बताया कि फरवरी में आरोपी ने बीईओ कार्यालय में एक अन्य प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिसके बाद प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा को उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसी बात को लेकर आरोपी लगातार टम्टा से रंजिश रखे हुए था।बताया गया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ने बीईओ से मुलाकात की थी। बीईओ ने उसे अपना प्रत्यावेदन कार्यालय में देने की सलाह दी थी, लेकिन उसी शाम आरोपी ने फोन पर बीईओ को कार्यालय आकर पीटने की धमकी भी दी थी।शनिवार सुबह दयानंद टम्टा अपने घर सैंज से रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही झिरौली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।शिक्षक गोकुल चंद्र की तहरीर पर झिरौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ मनीष शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को करालागांव यात्री शेड से गिरफ्तार कर लिया।मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने घटना की रिपोर्ट माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, देहरादून को भेजते हुए आरोपी के निलंबन की संस्तुति की है। विभाग का कहना है कि अनुशासनहीनता और गंभीर आपराधिक मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक की पत्नी अनीता देवी राजकीय जूनियर हाईस्कूल अमसरकोट में शिक्षिका हैं। उनकी बेटी प्रशस्ति ने पिछले वर्ष इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया है, जबकि बेटा प्रज्ज्वल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
