पुलिस टीम ने बोड़ाहेड़ी में ड्रोन से हटवाए छतों पर रखे पत्थर, सात गिरफ्तार
पथरी। हरिद्वार जिले में पथरी क्षेत्र के गांव बोड़ाहेड़ी में हाल ही में हुए खूनी संघर्ष व फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को सर्च आपरेशन चलाया। ड्रोन कैमरे से निगरानी में गांव में कुछ लोगों की छतों पर ईंट-पत्थर रखे मिले, जिन्हें पुलिस ने हटवाया। इसके साथ ही आपस में कहासुनी कर रहे दोनों पक्षों के सात आरोपितों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में उनका चालान किया गया। पुलिस के मुताबिक, बीते 23 जून को गांव बोड़ाहेड़ी में आजम व वसीम पक्ष के बीच पानी के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग करने के आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों की तहरीर पर 18-18 नामजद समेत 36 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में पहले पक्ष के दो आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना के दौरान दोनों पक्षों द्वारा छतों से एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया था।इसे देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में सर्च अभियान चलाया। ड्रोन कैमरे की मदद से छतों की निगरानी की गई और जिन मकानों की छतों पर ईंट-पत्थर रखे मिले, उनके स्वामियों को तत्काल उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में छतों पर अनावश्यक रूप से ईंट-पत्थर पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सर्च अभियान के दौरान आपस में विवाद और कहासुनी करते मिले एक पक्ष के गुलजार व मुजम्मिल और दूसरे पक्ष के असगर, सुब्हान, अफसान, रईस, फरमान, नदीम और अकबर निवासीगण बोड़ाहेड़ी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और शांतिभंग में उनका चालान कर दिया गया।पुलिस टीम में एसएसआइ उपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल राकेश नेगी, नारायण, जितेंद्र पुंडीर, रविंद्र आदि शामिल रहे। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
