Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टिहरी जा रहे सांसद चंद्रशेखर को फ़िर रोका

भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की तीखी नोंक झोंक
हरिद्वार (उद संवाददाता)। केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने टिहरी जा रहे भीम आर्मी प्रमुख एवं चंद्रशेखर आजाद को मंगलवार को एक बार फिर हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने चौक पर बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में मौजूद भीम आर्मी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके चलते कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग हटाकर आगे जाने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस होती रही, लेकिन पुलिस ने किसी को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।जानकारी के अनुसार, कुछ भीम आर्मी पदाधिकारी पहले ही अलग वाहनों से बैरिकेडिंग पार कर आगे निकल गए थे। उनकी सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों की टीमें उनके पीछे रवाना हुईं। वहीं सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने दो वाहनों के काफिले के साथ हरिद्वार पहुंचे, लेकिन उनका काफिला भी शंकराचार्य चौक पर रोक दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने टिहरी जा रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद और उमेश कुमार को समर्थकों सहित शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया था।उस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का मुक्की और खींचातानी की स्थिति बन गई थी, जिसमें सांसद की शर्ट भी फट गई थी। घटना के बाद सांसद ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। उस समय कई घंटे तक चले हंगामे के बाद गढ़वाल आईजी ने फोन पर सांसद से वार्ता कर उन्हें जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद सांसद अपने समर्थकों के साथ वापस लौट गए थे। हालांकि मंगलवार को सांसद चंद्रशेखर आजाद एक बार फिर समर्थकों के साथ टिहरी के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें दोबारा शंकराचार्य चौक पर रोक दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए थे तथा स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए थे। वहीं पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *