Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सोशल मीडिया पर टिकट की दावेदारी दिखाने वालों पर भाजपा सख्त

टिकट की दावेदारी पेश करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर पार्टी ने कड़ा संदेश दिया
देहरादून। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी चयन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर टिकट की दावेदारी पेश करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर पार्टी ने कड़ा संदेश दिया है। प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रक्रिया से हटकर सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर स्वयं को संभावित प्रत्याशी के रूप में प्रचारित करना अनुशासनहीनता माना जाएगा और ऐसे मामलों में संगठनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत प्रत्याशियों का चयन करती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी इच्छा और सुझाव रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए संगठन के निर्धारित मंच और समय का पालन करना जरूरी है। सोशल मीडिया या सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से दावेदारी का प्रचार करना पार्टी की परंपरा और अनुशासन के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी का चयन व्यक्तिगत प्रचार के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन की रिपोर्ट, कार्यकर्ता की सक्रियता, जनस्वीकार्यता, संगठन के प्रति समर्पण और केंद्रीय नेतृत्व के तय मानकों के अनुसार किया जाता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को संयम और अनुशासन बनाए रखना चाहिए। प्रदेश संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई नेता या कार्यकर्ता संगठन की तय प्रक्रिया से अलग हटकर टिकट के लिए दबाव बनाने या प्रचार करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रें में संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। कई नेता सोशल मीडिया पर पोस्ट, वीडियो, जनसंपर्क अभियान और बधाई संदेशों के माध्यम से अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। कई स्थानों पर पोस्टर और डिजिटल प्रचार भी तेज हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव की तारीखें नजदीक आने के साथ टिकट के दावेदारों की सक्रियता और बढ़ेगी। हालांकि भाजपा नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि टिकट वितरण पूरी तरह संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होगा और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत प्रचारबाजी से चयन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वाेपरि रखते हुए अनुशासन का पालन करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आ“वान किया है। साथ ही दोहराया है कि भाजपा में टिकट का निर्णय केवल संगठन और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय मानकों के आधार पर ही लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *