Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लापता होटल कर्मचारी का झील से शव बरामद

नैनीताल (संवाददाता)। तीन दिन से लापता 31 वर्षीय होटल कर्मचारी का शव मंगलवार को मल्लीताल स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनी झील से बरामद होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सात नंबर निवासी प्रकाश आर्या (31) मल्लीताल स्थित एक होटल में कार्यरत था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह तल्लीताल स्थित अपने एक मित्र के कमरे में जाने की बात कहकर होटल से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। अगले दिन ड्यूटी पर भी नहीं लौटने पर होटल स्वामी ने उसके परिजनों को सूचना दी।परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की तो पाषाण देवी मंदिर के समीप झील किनारे उसका बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।मंगलवार को पाषाण देवी मंदिर के पास झील में एक शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को झील से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान प्रकाश आर्या के रूप में हुई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *