Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया अप्राकृतिक दुष्कर्म और लूट का मुख्य आरोपी, पैर में लगी गोली

नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक से लूट, मारपीट और अप्राकृतिक दुष्कर्म का था आरोपी
रुद्रपुर/नानकमत्ता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 6/7 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मुकदमा संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में नानकमत्ता क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गया। पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में बाइक फिसलने के बाद आरोपी पैदल भागने लगा और झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस ने कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार गोली चलाता रहा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट की, उसका पर्स और नकदी लूटी तथा उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया था। घटना के बाद वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, ₹1,220 भारतीय मुद्रा, ₹30 नेपाली मुद्रा, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य दोनों आरोपी दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *