गौकशी के विरोध में करणी सेना ने किया कोतवाली का घेराव
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में तीन दिन पूर्व गोवंशीय पशु की कथित हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को करणी सेना ने प्रदर्शन कर कोतवाली का घेराव किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कार्रवाई में विलंब होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता रानीखेत रोड से जुलूस की शक्ल में कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा। सूरज चौधरी ने कहा कि संगठन के प्रतिनिधियों ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर गोवंश को राज्य माता घोषित करने की मांग उठाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके कुछ ही दिन बाद रामनगर में गोवंश की कथित हत्या की घटना सामने आ गई, जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो करणी सेना आंदोलन तेज करेगी। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
