खटीमा के लाल डॉ. ललित सिंह बने आईएससीसीएम के राष्ट्रीय महासचिव
रुद्रपुर/खटीमा। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बरेली के रेस्पिरेटरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. ललित सिंह को इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन ;आईएससीसीएमद्ध का राष्ट्रीय महासचिव चुना गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर चिकित्सा जगत के साथ-साथ उत्तराखंड के तराई क्षेत्र, विशेषकर खटीमा में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। आईएससीसीएम के राष्ट्रीय चुनाव में डॉ. ललित सिंह ने शानदार जीत दर्ज करते हुए देश-विदेश के सदस्यों का व्यापक समर्थन हासिल किया। उन्हें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के सदस्यों का भी भरपूर समर्थन मिला। चिकित्सा क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता, नेतृत्व क्षमता और लंबे अनुभव को इस सफलता का प्रमुख आधार माना जा रहा है। डॉ. ललित सिंह पिछले दो दशकों से अधिक समय से एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में रेस्पिरेटरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रोगियों के उपचार, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान एक कुशल चिकित्सक, शोधकर्ता और शिक्षाविद् के रूप में स्थापित है। डॉ. ललित सिंह मूल रूप से खटीमा क्षेत्र के चकरपुर निवासी हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी सामाजिक एवं जनसंपर्क पकड़ रही है। चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने खटीमा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक उपस्थिति भी दर्ज कराई थी। हालांकि उस चुनाव में उन्हें 4,516 मत प्राप्त हुए और वे चौथे स्थान पर रहे थे। उनके राष्ट्रीय महासचिव चुने जाने पर एसआरएमएस प्रबंधन, चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उत्तराखंड के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आईएससीसीएम देश में क्रिटिकल केयर चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगा। एसआरएमएस परिवार ने डॉ. ललित सिंह को इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
