काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार
विद्युत पोल और पानी की पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम हुआ तेज
रुद्रपुर । विधायक शिव अरोरा के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण की दिशा में निर्माण कार्य ने अब तेजी पकड़ ली है। हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद संबंधित विभागों ने अपने स्तर पर काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से प्रस्तावित चौड़ीकरण परियोजना की तस्वीर अब धरातल पर दिखाई देने लगी है। अतिक्रमण हटने के बाद विद्युत विभाग ने मार्ग की जद में आने वाले विद्युत पोलों को शिफ्ट करने और नए खंभे लगाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं जल संस्थान ने भी पानी की पाइपलाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत मार्ग के विभिन्न स्थानों पर गîक्के खोदकर भूमिगत पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। विभागों की सक्रियता से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी उम्मीद जगी है कि काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण के बाद लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। मार्ग चौड़ा होने से यातायात का दबाव कम होने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा। विधायक शिव अरोरा का कहना है कि काशीपुर बाईपास को चौड़ा कर रुद्रपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों के स्तर पर लगातार कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के बाद विद्युत विभाग और जल संस्थान द्वारा अपने कार्यों को गति देने से चौड़ीकरण की प्रक्रिया में तेजी आई है। काशीपुर बाईपास का चौड़ीकरण रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। परियोजना पूरी होने के बाद यह मार्ग शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ रुद्रपुर के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
