पैसों के विवाद में पूर्व फौजी पिता को कीटनाशक पिलाया,बेटे ने भी जान दी
गांव में एक साथ दो मौतों से सनसनी
पौड़ी (उद संवाददाता)। पौड़ी जिले के थलीसैंण विकासखंड के मरोड़ा गांव में पैसों को लेकर पिता और पुत्र के बीच चल रहे विवाद ने बुधवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। बताया जाता है कि 53 वर्षीय बिगारी सिंह ने अपने 85 वर्षीय पिता बख्तवार सिंह को कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों की मौत के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बख्तवार सिंह सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में गांव में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि उनका अपने बेटे बिगारी सिंह के साथ पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। विगत शाम भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान बिगारी ने अपने पिता को कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद घबराहट में उसने स्वयं भी कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। बिगारी की हालत बिगड़ने पर ग्रामीण उसे उपचार के लिए थलीसैंण अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं बख्तवार सिंह की घर पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की शीशी समेत अन्य सामग्री बरामद की है। बताया गया कि बख्तवार सिंह की पत्नी का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उनका बेटा बिगारी गांव में खेतीबाड़ी और मजदूरी करता था। परिवार में बिगारी की पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने मृतक बिगारी के बेटे मोहन से भी पूछताछ की। मोहन ने पुलिस को बताया कि उसके पिता और दादा के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
