कपकोट की महिला ने दी न्याय की मांग करते हुए आत्मदाह की चेतावनी , वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
विधायक से जुड़े कथित अश्लील फोटो के साथ उसका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर लगातार बदनाम किया जा रहा
बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने फेसबुक आईडी Mahi Deep Takuli से एक वीडियो में महिला ने अपना नाम माही टाकुली बताते हुए आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 से कपकोट विधायक सुरेश गड़िया से जुड़े एक कथित अश्लील फोटो के साथ उसका नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर लगातार बदनाम किया जा रहा है। महिला ने न्याय की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने पति और दो बच्चों सहित आत्मदाह करेगी। महिला के अनुसार, उसने वर्ष 2024 में इस मामले को लेकर कपकोट थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। महिला का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग बंद करने की सलाह दी। महिला ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई की शाम मानीखेत निवासी जगदीश गोस्वामी नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उसके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना है कि पोस्ट में यह दावा भी किया गया कि उसे विधायक सुरेश गड़िया से तीन करोड़ रुपये और एक गाड़ी मिली है। महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और आधारहीन बताते हुए कहा कि इस तरह की पोस्ट और उस पर आई टिप्पणियों से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। महिला का यह भी कहना है कि उसने पहले विधायक सुरेश गड़िया से सार्वजनिक रूप से इस मामले में स्पष्टीकरण देने और आरोपों का खंडन करने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। वीडियो में महिला ने कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर मामले का खुलासा नहीं करती और उसे न्याय नहीं मिलता, तो वह अपने पति और बच्चों सहित आत्मदाह करेगी। महिला ने ऐसी किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी कपकोट विधायक सुरेश गड़िया और कपकोट पुलिस पर डाली है।
फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक कपकोट पुलिस, विधायक सुरेश गड़िया और आरोपित व्यक्ति जगदीश गोस्वामी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। संबंधित पक्षों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
