एक ही रात में पांच घरों से लाखों के जेवर-नकदी पर हाथ साफ
शादी वाले घर को बनाया निशाना, बेटियों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी
गदरपुर(उद संवाददाता)। थाना गदरपुर की सकैनिया पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरोवर नगर में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों में सेंध लगाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। बेखौफ बदमाशों ने घरों के पीछे की दीवारें काटकर दो घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, नए कपड़े व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया, जबकि तीन अन्य घरों में भी सेंधमारी का प्रयास किया गया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी अखलाख अहमद पुत्र सुबराती के घर करीब दो माह बाद बेटी का विवाह होना है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और धीरे-धीरे जेवर, कपड़े व अन्य सामान एकत्र कर रहा था। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य घर के आंगन में पंखा लगाकर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाते हुए चोर रात के अंधेरे में घर के पीछे की दीवार काटकर भीतर घुस गए और करीब पांच तोले सोने के जेवर, पौने दो किलो चांदी, नए कपड़े, एक लाख रुपये की नगदी तथा मासूम बेटियों की गुल्लकों में रखी करीब छह हजार रुपये की रकम तक चोरी कर ले गए। चोरों ने गांव निवासी रिजवान पुत्र कलवा के घर को भी निशाना बनाया। यहां से बदमाश करीब साढ़े चार तोले सोने के आभूषण, लगभग 750 ग्राम चांदी, नए कपड़े तथा पीतल और तांबे के बर्तन समेट ले गए। सुबह जब परिवारजनों की आंख खुली तो घर के पीछे की दीवार कटी देख उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व संदूक खंगाले जा चुके थे। यही नहीं, चोरों ने जमील अहमद, जरीफ अहमद और शहीद अहमद के घरों में भी सेंध लगाने का प्रयास किया। इन घरों की दीवारें काटी गईं, लेकिन किसी कारणवश बदमाश वहां चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाए जाने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पूर्व की कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस गश्त के दावे कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं, जबकि चोर बेखौफ होकर रात-दर-रात वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई तो ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में भारी रोष है। खासतौर पर जिस घर में बेटी का विवाह होना है, वहां हुई चोरी ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।
