सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का दल रवाना
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026 का शुभारंभ सोमवार को हो गया। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से नैनीताल जिले के 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना किया गया, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालुओं के साथ विशेष ट्रेन से गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए यात्रा शुरू होगी। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना उन लोगों के लिए बड़ी सौगात है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आने जाने, भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सभी व्यवस्थाएं सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने यात्रा की सफलता तथा देश और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना भी की। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुआ दल पहले देहरादून पहुंचेगा। वहां उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। इस यात्रा की विशेषता यह भी है कि श्रद्धालु उत्तराखंड के सभी 13 जिलों की पवित्र नदियों के जल से भरे कलश अपने साथ सोमनाथ धाम ले जाएंगे। नैनीताल जिले के दल में 14 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और स्वयंसेवक भी शामिल हैं। श्रद्धालुओं की रवानगी के अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
