सड़क हादसे में प्रॉपर्टी डीलर की मौत, चार घायल
जानवर को बचाने के प्रयास में भिड़ीं दो कारें
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सोमवार की रात्रि हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के समीप अचानक सामने आये जानवर को बचाने के प्रयास में एक कार सामने आती अन्य कार से जा भिड़ी। इस दुघर्टना में कार सवार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें जिलाि चकित्सालय ले जाया गया। जहां उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर संजय वन चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार पंजाबी कालोनी वार्ड 8 दिनेशपुर निवासी लगभग 55 वर्षीय विनोद कुमार मिगलानी पुत्र मेंगाराम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बताया जाता है कि विनोद मिगलानी कार्य के सिलसिले में अपने चार अन्य साथियों के साथ अल्मोड़ा गये थे जिनमें गाजियाबाद के निवासी भी शामिल थे। सभी लोग कार सं- यूपी 14 एफडब्लू 0516 में सवार होकर अल्मोड़ा से वापस लौट रहे थे। उनकी कार जब संजय वन पास पहुंची तो अचानक सामने एक जानवर आ गया। जिसको बचाने के प्रयास में कार चला रहा व्यक्ति वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सामने से आती एक अन्य कार संख्या यूके 04 एएफ 8000 से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में विनोद मिगलानी सहित कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जबकि दूसरी कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही संजय वन चौकी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने विनोद मिगलानी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए रैफर कर दिया गया। घायलों को परिजनों द्वारा निजी चिकित्सालय में भती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और बाद में दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया।
