Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

99 करोड़ की विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री की मंजूरी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए लगभग 99 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, विद्युत, धार्मिक स्थलों के विकास, अग्निशमन सेवाओं, परिवहन तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन निर्माण के लिए 3.68 करोड़ रुपये, रुद्रप्रयाग कोषागार के अनावासीय भवन की मरम्मत, रंगरोगन, टाइलिंग, पैनलिंग तथा विद्युतीकरण कार्यों के लिए 38.06 लाख रुपये, पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र धौरणखास, देहरादून में 150 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट एवं साइट विकास के लिए 2.73 करोड़ रुपये तथा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में ककराली टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। वहीं पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 70.87 लाख रुपये की स्वीकृति तथा प्रथम किश्त के रूप में 42.52 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली, चम्पावत में विद्यार्थियों के लिए ओपन जिम निर्माण हेतु 99.44 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त में 59.66 लाख रुपये जारी करने का निर्णय लिया गया है। पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को बीटल्स स्ट्रीट के रूप में विकसित करने के लिए 85.74 लाख रुपये तथा प्रथम किश्त में 51.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। धारचूला विधानसभा क्षेत्र में ग्राम उच्छैदी स्थित नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए 81.43 लाख रुपये तथा प्रथम किश्त में 48.85 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत डुंगरीफर्तयाल में शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 75 लाख रुपये तथा प्रथम किश्त के रूप में 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कपकोट विधानसभा क्षेत्र की सरयू वैली एवं शामा क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपये तथा प्रथम किश्त में 2 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। मां पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए 19.68 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के कैडाकोट बुग स्थल तथा धारी स्थित मौनीबाग आश्रम में एक एक धर्मशाला निर्माण के लिए 87.95 लाख रुपये तथा प्रथम किश्त में 52.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड योजना के सुचारू संचालन एवं लंबित देयकों के भुगतान के लिए राज्य बजट से 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत राज्य योजना, मुख्यमंत्री घोषणा तथा नाबार्ड योजनाओं के तहत विभिन्न सड़क एवं स्टील ट्रस पुल निर्माण कार्यों के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड की गोखमल्ला ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति बस्ती बगड़ गधेरे पर पैदल पुलिया निर्माण, देवाल के मुन्दोली वाण मोटर मार्ग से भराण गांव मोटर मार्ग के सतह पुनर्लेपन एवं सुधारीकरण तथा पौड़ी जिले के यमकेश्वर विकासखंड की सीला ग्राम पंचायत में सतेड़ नदी पर बनसारी गांव के पास 30 मीटर स्पान स्टील ट्रस पैदल पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों के लिए प्रथम किश्त जारी किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *