Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेकाबू बोलेरो की टक्कर से चार युवकों की मौत

तीन पानी बाईपास पुल पर देर रात हुआ भीषण हादसा, बोलेरो ने स्कूटी को मारी टक्कर
हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की स्कूटी से आमने सामने की जोरदार टक्कर के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। दुर्घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब दस बजे लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या यूके 04 यू 7275 तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर पहुंची, तभी उसकी स्कूटी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार चारों युवक कई मीटर दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय भिजवाया। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गौरा पड़ाव निवासी राहुल राजपूत, शिवम, आशु तथा आदित्य टम्टा के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और यातायात को सुचारु कराया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *