August 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर को लगी गोली,साथी फरार

हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद
देहरादून (उद संवाददाता)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कथित शातिर गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के थानों को सूचना दी और उनका पीछा शुरू कर दिया। पितांबरपुर बनियावाला मार्ग पर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल सड़क किनारे छोड़कर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर तथा हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है। फरार बदमाश की पहचान नवाब निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घायल बदमाश रईस वर्ष 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना के मामले में करीब दो वर्ष से वांछित चल रहा था। इस संबंध में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले में रईस के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में रईस ने बताया कि वह लंबे समय से गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। वह अपने साथी नवाब के साथ दोबारा देहरादून आया था। पुलिस का कहना है कि दोनों टी स्टेट और आसपास के क्षेत्रें में घूमने वाले आवारा गौवंश की रेकी कर गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी हटा रखी थी। देहरादून पुलिस के अनुसार रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में गौकशी, चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस पर कथित जानलेवा हमला करने के मामले में प्रेमनगर थाने में रईस के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार बदमाश नवाब की तलाश में आसपास के क्षेत्रें में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *