Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन : राजनीतिक जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा

मुख्यमंत्री धामी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का रविवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। सीने में दर्द की शिकायत के बाद परिजन उन्हें ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्व. हीरा सिंह बिष्ट का लोकसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट गरीबों, मजदूरों, कर्मचारियों और वंचित वर्ग की आवाज थे। उनका निधन केवल कांग्रेस परिवार ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति और श्रमिक आंदोलन के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक संदेश जारी कर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *